Breaking
Wed. Aug 12th, 2026

लावारिस इनोवा से 108 किलो से अधिक गांजा बरामद, तस्करी की आशंका

सिमडेगा। सिमडेगा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोलेबिरा थाना क्षेत्र से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने लावारिस हालत में खड़ी एक इनोवा कार की तलाशी के दौरान 108.328 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है। बरामद पदार्थ को 105 पैकेट में रखा गया था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाली इनोवा कार को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमडेगा की ओर से कोलेबिरा के रास्ते भारी मात्रा में अवैध गांजा की तस्करी की जा सकती है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोलेबिरा थाना पुलिस ने वन विभाग चेकनाका के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान चेकनाका से करीब 100 मीटर पहले दंत चिकित्सक डॉ. एम. जे. अंजुम के क्लीनिक के सामने सफेद रंग की इनोवा कार संख्या ओआर 05 एयू 7076 लावारिस अवस्था में खड़ी मिली।

पुलिस ने वाहन को तत्काल निगरानी में ले लिया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी कार पर अपना स्वामित्व जताने के लिए कोई व्यक्ति सामने नहीं आया। इसके बाद 11 अगस्त को राजपत्रित पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और चौकीदारों की मौजूदगी में नियमानुसार वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से चार प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए।

बोरों के अंदर मटमैले रंग के सेलो टेप से लिपटे कुल 105 पैकेट मिले। पुलिस ने पैकेटों में गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया, जिसका कुल वजन 108.328 किलोग्राम बताया गया है। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ इनोवा कार को भी विधिवत जब्त कर लिया।

मामले में कोलेबिरा थाना कांड संख्या 47/2026, 11 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 20बी(ii)(सी) और 22(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार किसकी है, मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Post