जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के डालडा लाइन में दुकानों के AC के कॉपर पाइप चोरी होने की लगातार घटनाओं से परेशान कारोबारियों ने मंगलवार को एक युवक को चोरी करते रंगेहाथ पकड़ लिया। युवक दुकान की छत पर लगे AC का कॉपर पाइप काटकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। लोगों ने उसे पकड़ने के बाद उसकी पिटाई की और हाथ-पैर बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया।
मामले की जानकारी मिलने पर साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और इलाके में पहले हुई कॉपर पाइप चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डालडा लाइन में पिछले करीब दो महीने से दुकानों में लगे AC के कॉपर पाइप चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। चोरी के कारण कई दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। जय दुर्गा ज्वेलर्स के संचालक विकास स्वाइन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि पिछले सप्ताह भी उनकी दुकान के AC का कॉपर पाइप काटकर चोरी कर लिया गया था। नया पाइप लगवाने में उन्हें करीब सात से आठ हजार रुपये खर्च करने पड़े थे।
लगातार चोरी की घटनाओं के बाद दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आसपास CCTV कैमरे लगवाने शुरू कर दिए। मंगलवार की अहले सुबह CCTV कैमरे में एक युवक दुकान की छत पर पहुंचकर AC का कॉपर पाइप काटता हुआ दिखाई दिया। फुटेज देखकर आसपास के कारोबारियों और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी गई। शोर मचने पर युवक वहां से भागने लगा, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े जाने के बाद युवक के पास मौजूद बोरे की तलाशी ली गई, जिसमें चोरी किया गया कॉपर पाइप बरामद होने की बात सामने आई। स्थानीय निवासी संदीप बर्मन ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले करने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद पुलिस आरोपी को थाने ले गई।
बताया जा रहा है कि बाजार में AC के कॉपर पाइप की कीमत करीब पांच से सात हजार रुपये तक होती है। लगातार हो रही चोरी से डालडा लाइन के दुकानदारों में नाराजगी है। कारोबारियों ने पुलिस से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और AC के कॉपर पाइप चोरी करने वाले गिरोह पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

