Breaking
Sat. Aug 8th, 2026

डेढ़ साल से लापता बुजुर्ग फूलदेव यादव को मिला परिवार, भाई से मिलते ही छलके खुशी के आंसू

चाईबासा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) चाईबासा और पुलिस के संयुक्त प्रयास से डेढ़ साल से अपने परिवार से बिछड़े उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के निवासी बुजुर्ग फूलदेव यादव को आखिरकार उनके परिजनों से मिला दिया गया। अपने बड़े भाई को सामने पाकर छोटे भाई सिद्धनाथ यादव भावुक हो गए। दोनों भाइयों ने एक-दूसरे को गले लगाया तो वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA), रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष DLSA मोहम्मद शाकिर और सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। 16 जुलाई 2026 को फूलदेव यादव नोवामुंडी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल अवस्था में मिले थे। नोवामुंडी थाना की सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी ने उन्हें तत्काल नोवामुंडी टाटा स्टील अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद DLSA की टीम और पुलिस के संयुक्त प्रयास से 23 जुलाई को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दिलाकर झींकपानी स्थित संचार वृद्धाश्रम में सुरक्षित आश्रय दिलाया गया।

इसी दौरान फूलदेव यादव वृद्धाश्रम से भटककर दोबारा नोवामुंडी की ओर चले गए। इसकी जानकारी मिलने के बाद DLSA टीम और पुलिस प्रशासन ने उनकी तलाश शुरू की। झींकपानी थाना प्रभारी, किरीबुरू थाना प्रभारी और पीएलबी सदस्यों की मदद से तीन दिनों तक सघन खोजबीन की गई, जिसके बाद फूलदेव यादव को सकुशल बरामद कर लिया गया।

परिजनों की तलाश के लिए DLSA चाईबासा ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की और उत्तर प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकार (UP DLSA) से संपर्क कर समन्वय स्थापित किया। इसके बाद संत कबीर नगर जिले में स्थित फूलदेव यादव के पैतृक गांव और परिवार तक सूचना पहुंचाई गई। जानकारी मिलने पर उनके छोटे भाई सिद्धनाथ यादव चाईबासा पहुंचे।

DLSA कार्यालय में अपने बड़े भाई फूलदेव यादव को सामने देखकर सिद्धनाथ यादव भावुक हो गए। दोनों भाइयों ने एक-दूसरे को गले लगाकर खुशी जाहिर की। डेढ़ साल बाद परिवार से मिलन का यह भावुक क्षण वहां मौजूद लोगों के लिए भी यादगार रहा।

इस अभियान में DLSA/PLB टीम की प्रमिला पात्रो, रेणु देवी, सोम बोस, विनीता सांडिल, उमर सादिक, सुनील देवगम और पूनम देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन की ओर से नोवामुंडी थाना की सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी, झींकपानी थाना प्रभारी और किरीबुरू थाना प्रभारी ने सहयोग किया।

फूलदेव यादव के परिजनों ने उन्हें सकुशल परिवार से मिलाने के लिए DLSA चाईबासा, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया।

Related Post