चाईबासा: सदर प्रखंड के प्राथमिक, मध्य एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालयों के प्रधान शिक्षक-शिक्षिकाओं की मासिक गुरु गोष्ठी शनिवार को श्रद्धानंद बालिका मध्य विद्यालय में आयोजित हुई। गोष्ठी की अध्यक्षता एपीओ अशोक कुमार रजक ने की। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के निर्देशों के अनुसार विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन, शिक्षक एवं विद्यार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने तथा बच्चों का अपार आईडी में पंजीकरण कराने पर जोर दिया गया। रेल परीक्षा के बाद बच्चों का ई-विद्यावाहिनी में डाटा अपलोड करने का निर्देश भी दिया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों से 50, मध्य विद्यालय के बच्चों से 75 और उच्च विद्यालय के बच्चों से 100 पेड़ लगवाने का निर्देश दिया गया। एपीओ अशोक कुमार रजक ने सीपीडी का ऑनलाइन प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से लेने तथा ‘मेरा विद्यालय निपुण और मैं भी निपुण’ कार्यक्रम में बच्चों के बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयास करने की बात कही। उन्होंने पाठ-योजना और पाठ-टीका का संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य में समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए और शिक्षक समय पर कक्षा में प्रवेश करें। विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा विद्यालय प्रभारी और शिक्षकों के बीच सहयोगात्मक संबंध कायम कर बच्चों को गंभीरता से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर जोर दिया। साथ ही अधिक से अधिक बच्चों को नवोदय प्रवेश परीक्षा में शामिल कराने के लिए आवेदन कराने का निर्देश दिया।
गोष्ठी में बीपीओ प्रदीप कुमार, शकुंतला बानरा, सीआरपी सुब्रतो त्रिपाठी, प्रेम गिरि, निरुप चंद, ममता बानरा, निसात आलम, एमडीएम कोषांग के श्याम साव समेत कृष्णा देवगम, नेल्सन नागेशिया, अनुराग वर्मा, दिनेश बिरुवा, संगीता सावैयां, अनिता सोय और सरस्वती सामड सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

