Breaking
Sat. Aug 8th, 2026

बड़कागांव गोलीकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

हजारीबाग। बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर 25 जुलाई की रात दो हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में संदिग्ध भूमिका के आधार पर हिरासत में लिए गए पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, हथियार और बम की बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस जवान को धक्का देकर बरामद पिस्तौल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी। घटना के बाद बड़कागांव थाना में कांड संख्या 133/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल से गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे मिलने की बात भी सामने आई थी। जांच के दौरान पुलिस को पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय की भूमिका संदिग्ध लगी, जिसके बाद उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की। पुलिस का दावा है कि मोबाइल में Telegram के माध्यम से प्रिंस खान और उसके गिरोह के सदस्यों के साथ कथित बातचीत के साक्ष्य मिले। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात हुई गोलीबारी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि कथित तौर पर प्रिंस खान के निर्देश पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक गोलीबारी के बाद गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे भी घटनास्थल पर छोड़े गए थे।

पुलिस की पूछताछ में हथियार और बम छिपाए जाने की जानकारी मिलने के बाद एक टीम अंकित को लेकर पिपराडीह के समीप स्थित एक बंद पड़े गैस प्लांट पहुंची। पुलिस के अनुसार, वहां बरामदगी की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान अंकित ने अचानक एक पुलिसकर्मी को धक्का दिया और बरामद देसी पिस्तौल अपने कब्जे में लेकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद उसने भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें गोली उसके पैर में लगी।

घायल अंकित को तत्काल बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का खोखा, 7.62 एमएम की मिसफायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देसी बम और चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस अब बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री की जांच के साथ गोलीकांड में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। Telegram पर हुई कथित बातचीत और प्रिंस खान गिरोह से अंकित के संपर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गोलीबारी की घटना के बाद हुई इस कार्रवाई से बड़कागांव क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों और उनकी गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी और सख्त होने के संकेत मिले हैं।

Related Post