Breaking
Sat. Aug 8th, 2026

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने नशामुक्त भारत अभियान की बस को दिखाई हरी झंडी

जमशेदपुर। ब्रह्माकुमारीज संस्था की ओर से शुक्रवार को जमशेदपुर में 10 करोड़ नशामुक्त भारत अभियान के तहत विशेष जनजागरण बस यात्रा की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित करने के बाद बस को हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में जिले के डीसी, एसपी, डीएसपी, एसडीओ सहित प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज संस्था के सदस्य एवं शहरवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की कोल्हान निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी अंजू दीदी, कदमा सेवा केंद्र की प्रभारी ब्रह्माकुमारी संजू दीदी, जुगसलाई सेवा केंद्र की प्रभारी ब्रह्माकुमारी रागिनी दीदी तथा प्रोफेसर परमजीत सिंह ने राज्यपाल के साथ दीप प्रज्वलित कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि नशामुक्त भारत बस अभियान केवल लोगों को नशे से दूर करने की पहल नहीं है, बल्कि यह संस्कारों में सकारात्मक बदलाव लाने और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

ब्रह्माकुमारी संस्था के अनुसार जनजागरण बस यात्रा आगामी दो महीनों तक विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होगी। अभियान की शुरुआत जमशेदपुर शहर से की गई है। इसके बाद बस चांडिल, घाटशिला और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचेगी। अभियान का विस्तार पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों तक भी किया जाएगा।

अभियान के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशे की आदत छोड़कर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। संस्था की ओर से लोगों में दृढ़ संकल्प विकसित करने तथा राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से आत्मबल बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

जनजागरण बस को विशेष रूप से जागरूकता कार्यक्रमों के लिए तैयार किया गया है। बस में लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, नशे से बचाव और उससे मुक्ति के उपायों से संबंधित वीडियो दिखाए जाएंगे। इसके अलावा ‘कुंभकरण लाइव शो’ समेत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

ब्रह्माकुमारी अंजू दीदी ने कहा कि अगले दो महीनों में नशामुक्ति और जीवन परिवर्तन को लेकर समाज में जागरूकता के बीज बोने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल आगे चलकर व्यापक जनआंदोलन का रूप लेगी और देश को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राज्यपाल द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के बाद बस जनजागरण अभियान के लिए रवाना हुई। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी रही। समापन के अवसर पर उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

Related Post