जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में लगातार हो रही बारिश से प्रभावित परिवार की सहायता के लिए प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है। हल्दीपोखर निवासी विनोद गुप्ता का मकान बुधवार देर रात बारिश के कारण पूरी तरह ध्वस्त हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार तक तत्काल राहत पहुंचाई।
पोटका की अंचलाधिकारी निकिता बाला के निर्देश पर शुक्रवार को प्रशासनिक टीम प्रभावित स्थल पर पहुंची। अंचल निरीक्षक लिटा मारडी ने मौके का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें अस्थायी रूप से रहने के लिए तिरपाल उपलब्ध कराया, ताकि खराब मौसम के बीच उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
अंचलाधिकारी निकिता बाला ने बताया कि क्षतिग्रस्त मकान का आकलन कराया जा रहा है। मूल्यांकन रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद सरकारी नियमों के अनुरूप पीड़ित परिवार को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी और राहत संबंधी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जाएंगी।

