Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर प्रेस वार्ता, 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दर्ज होंगे दावा-आपत्ति

चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) 2026 के सफल क्रियान्वयन एवं आम नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को अपर उपायुक्त सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एआरओ), मझगांव विधानसभा क्षेत्र की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी, दावा-आपत्ति प्रक्रिया तथा मतदाताओं के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जा चुका है। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति स्वीकार किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों का सत्यापन और निष्पादन करने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

अपर उपायुक्त सह एआरओ ने बताया कि विशेष अभियान के तहत 8 एवं 9 अगस्त तथा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में मतदाता सूची से संबंधित दावा एवं आपत्ति के साथ-साथ प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 भी स्वीकार किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का सत्यापन करेंगे, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके।

प्रेस वार्ता में यह भी जानकारी दी गई कि 15 अगस्त 2026 को सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में संबंधित पंचायतों के बीएलओ और चुनाव पाठशाला के सदस्य उपस्थित रहेंगे तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी ग्रामीणों को देंगे।

अपर उपायुक्त सह एआरओ ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में पहले से दर्ज है, उन्हें सामान्यतः अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें प्रपत्र-6 के साथ आवश्यक घोषणा-पत्र एवं निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र अथवा विशेष शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा आवश्यक संशोधन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 तथा ECINET App का उपयोग किया जा सकता है।

प्रेस वार्ता में अनुमंडल पदाधिकारी चक्रधरपुर, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पदाधिकारी जगन्नाथपुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post