सेन्हा-लोहरदगा: डांडू मादा डहर स्थित कुआं से पुलिस ने वृद्ध का शव बरामद कर अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है। विदित हो कि लोहरदगा जिला अंतर्गत सेन्हा थाना क्षेत्र के चितरी डांडू मादा डहर स्थित अपने खेत के कुआं में गिरने से स्व. ठूहिया उरांव के 80 वर्षीय पुत्र रामवृक्ष उरांव की मौत हो गई।
बताया जाता है कि सुबह ही घर से खेत का निरीक्षण करने के लिए वृद्ध किसान निकला था। इसी दौरान कुआं के पास वृद्ध का पैर फिसलने के कारण वह कुआं में जा गिरा और गहरे पानी में डूबने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के पुत्र अनिल उरांव ने पुलिस को जानकारी देते हुए कहा कि उनके पिता खेत की ओर धान की फसल देखने गए थे। इसी दौरान वह कुआं में गिर गए और उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा को मिलते ही उनके निर्देश पर एसआई दयानंद सरस्वती दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर अपने कब्जे में लिया, पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई।
घटना के संबंध में एसआई दयानंद सरस्वती ने बताया कि ग्रामीणों एवं परिजनों के अनुसार तथा प्रथम दृष्टया गहरे पानी में डूबने के कारण वृद्ध की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

