चतरा : चतरा में नव चयनित होमगार्ड जवानों से मेडिकल जांच के नाम पर अवैध वसूली के मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। उपायुक्त के निर्देश पर चतरा के प्रभारी बीडीओ मनोज कुमार गोप ने मामले में दो लोगों के विरुद्ध सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नव चयनित होमगार्ड जवानों की मेडिकल जांच एवं प्रमाणपत्र सत्यापन का कार्य जिला समादेष्टा होमगार्ड कार्यालय, चतरा में 25 जुलाई 2026 से 12 अगस्त 2026 तक चल रहा है। इस दौरान मेडिकल जांच के नाम पर अभ्यर्थियों से 2 हजार से लेकर 6 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की शिकायतें सामने आई थीं।
प्रभारी बीडीओ मनोज कुमार गोप ने बताया कि शिकायतों की जांच एवं पूछताछ के दौरान मेडिकल जांच टीम में शामिल एक चिकित्सक तथा एक होमगार्ड जवान की संलिप्तता प्रथम दृष्टया सामने आई है। जांच में दोनों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए सदर थाना में आवेदन दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद मेडिकल जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कड़ी निगरानी भी शुरू कर दी है।

