Breaking
Wed. Aug 5th, 2026

चास चेकपोस्ट स्थित व्यावसायिक भवनों एवं होटलों में अवैध मोटर लगाकर जल चोरी का मामला उजागर

बोकारो: चास नगर निगम क्षेत्रांतर्गत चास चेकपोस्ट स्थित कुछ व्यावसायिक भवनों एवं होटलों द्वारा नगर निगम की जलापूर्ति पाइपलाइन में अवैध रूप से डायरेक्ट मोटर लगाकर पानी की चोरी किए जाने का मामला सामने आया है।

आसपास के निवासियों द्वारा शिकायत की गई कि उनके घरों तक नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच रहा है। शिकायत प्राप्त होते ही माननीय महापौर ने तत्काल एक जांच दल का गठन कर मौके पर भेजा।

जांच के दौरान पाया गया कि कई प्रतिष्ठानों में चास नगर निगम की जलापूर्ति पाइपलाइन से सीधे मोटर जोड़कर पानी लिया जा रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी। कार्रवाई करते हुए जांच दल ने सभी अवैध रूप से लगाए गए मोटरों को तत्काल जब्त कर लिया।

संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि नगर निगम की पाइपलाइन में डायरेक्ट मोटर लगाकर पानी लेना पूर्णतः प्रतिबंधित है। उन्हें सलाह दी गई कि वैध जल कनेक्शन के माध्यम से अपनी टंकियों में पानी का भंडारण करें, लेकिन नगर निगम की पाइपलाइन से सीधे मोटर जोड़कर जलापूर्ति न करें।

चास नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस जांच एवं कार्रवाई के दौरान चास नगर निगम के कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post