बेरमो: बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत नावाडीह थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। नावाडीह-मुंगोरंगामाटी मुख्य मार्ग पर बस्तेजिया और कुकरलिलवा के बीच खेत में धान की रोपाई करने जा रहे एक ही परिवार के तीन लोगों पर एक युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में 70 वर्षीय जानकी महतो और उनकी 62 वर्षीय पत्नी सुगिया देवी की मौके पर ही गला काटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनकी 45 वर्षीय बहू गोरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एएसआई मिथिलेश सिंह और विमल कुमार सिंह भी मौजूद थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के आरोपी बस्तेजिया निवासी 40 वर्षीय राजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर जब्त कर ली है।
गंभीर रूप से घायल गोरी देवी को पहले नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. धनेश रजक ने प्राथमिक उपचार किया। उनकी हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल चास रेफर कर दिया गया।
सुबह-सुबह हुए इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर झामुमो युवा नेता अखिलेश महतो उर्फ राजू, नावाडीह की मुखिया किरण देवी, पंचायत समिति सदस्य निर्मल महतो, सांसद प्रतिनिधि जयलाल महतो, सुरेश महतो, भाजपा नेता दशरथ महतो तथा विधायक प्रतिनिधि संदीप झारखंडी सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

