जमशेदपुर: कोविड-19 महामारी और जमशेदपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय मोहनलाल अग्रवाल के निधन के बाद संस्था की गतिविधियां काफी प्रभावित हो गई थीं। इसी पृष्ठभूमि में बुधवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को नए सिरे से सशक्त और सक्रिय बनाने की दिशा में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में संगठन को नई दिशा और गति देने, व्यापारियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान की व्यवस्था मजबूत करने तथा शहर के व्यापारिक समुदाय के बीच एकता, सहयोग और संगठनात्मक मजबूती बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और सक्रिय सहभागिता के माध्यम से चैंबर ऑफ कॉमर्स को पुनः एक प्रभावशाली और मजबूत व्यापारिक संगठन के रूप में स्थापित किया जाएगा।
बैठक में दीपक भालोटिया, हरविंदर सिंह (मंटू), साहब सिंह, पंकज अग्रवाल, विकास गुप्ता, मनोज कुमार खत्री, कमल अग्रवाल, सुशील कुमार शाह, पवन अग्रहरि, हौसला जायसवाल, अभिषेक कुमार सिंह, हेमंत सिंह, रितेश अग्रवाल, जय तथा रमेश गनेड़ीवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि जमशेदपुर के प्रत्येक व्यापारी को संगठन से जोड़ते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए संस्था निरंतर प्रतिबद्ध होकर कार्य करेगी।

