कोडरमा/सतगावां: कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में आतंकवादी एवं जिहादी विचारधारा को बढ़ावा देने तथा युवाओं को इसके लिए प्रेरित करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) से प्राप्त सूचना के आधार पर माधोपुर गांव से की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरशद महफूज और शाहीन परवीन उर्फ मुस्कान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से देश विरोधी और उग्र विचारधारा से जुड़े संदेश प्रसारित कर रहे थे तथा आसपास के युवाओं को भी जिहादी मानसिकता की ओर प्रेरित करने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल, चाकू, बुलेटप्रूफ जैकेट, मोबाइल फोन, टैबलेट और वीडियो कैमरा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में जब्त मोबाइल और टैब से कथित रूप से देश विरोधी एवं भड़काऊ वीडियो, संदेश और अन्य डिजिटल सामग्री मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा पुलिस का दावा है कि दोनों कई ऐसे व्हाट्सएप समूहों से जुड़े थे, जिनके संबंध आतंकवादी और जिहादी विचारधारा तथा पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क से होने की आशंका है।
कोडरमा पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन से नजदीकी जंगलों में सैन्य शैली के प्रशिक्षण से जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी बरामद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि इन साक्ष्यों के आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों किसी बड़ी साजिश की तैयारी में शामिल हो सकते थे।
इस मामले में सतगावां थाना कांड संख्या 61/2026, दिनांक 4 अगस्त 2026 को विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

