चांडिल। सरायकेला-खरसावां पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ईचागढ़ थाना क्षेत्र से लगभग 3 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वहीं उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से अफीम के अलावा इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल फोन, प्लास्टिक बैग और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट, 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमटांड़ से पातकुम जाने वाले मार्ग पर अफीम की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसके बाद डुमटांड़ चौक से पातकुम जाने वाले मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर एक व्यक्ति को धर दबोचा, जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बुकहातु गांव निवासी 48 वर्षीय धारीराम साव, पिता पदम लोचन साव के रूप में हुई है।
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 3 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, वीवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल फोन, पीले रंग का प्लास्टिक बैग तथा होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल (संख्या JH22K-6165) भी जब्त की गई। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

