Breaking
Sat. Aug 1st, 2026

एमजीएम अस्पताल में होमगार्ड जवानों पर लाठी-डंडे से मारपीट का आरोप, भाजपा ने किया हंगामा, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर। डिमना स्थित कोल्हान के सबसे बड़े एमजीएम अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों पर मरीज के परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ लाठी-डंडे से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजन यादव अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और धरना देते हुए दोषी जवानों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

आरोप है कि भुइयांडीह लकड़ीटाल निवासी भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा अपनी गर्भवती भांजी के इलाज के सिलसिले में अस्पताल आए थे। इलाज को लेकर शिकायत करने के दौरान उनका होमगार्ड जवानों से विवाद हो गया। इसके बाद जवानों ने मनीष शर्मा और उनके जीजा के साथ धक्का-मुक्की करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। मनीष शर्मा का आरोप है कि उनकी भांजी के पति के साथ भी मारपीट की गई।

सूचना मिलने पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव अस्पताल पहुंचे तो उनके साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। गुंजन यादव ने आरोप लगाया कि कई होमगार्ड जवानों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ भी मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि जान बचाने के लिए उन्हें इधर-उधर भागना पड़ा। उनका यह भी आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात जवानों ने नेम प्लेट नहीं पहन रखी थी और घटना का वीडियो बनाने पर उसे भी हटवा दिया गया।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और दोषी जवानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, डीएसपी दयानंद कुमार और एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से टूटी हुई लाठी जब्त कर ली है तथा घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं मनीष शर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी गर्भवती भांजी का अस्पताल में समुचित इलाज नहीं किया गया। उनका कहना है कि सामान्य प्रसव की संभावना होने के बावजूद ऑपरेशन किया गया और बाद में संक्रमण होने पर दोबारा भर्ती करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही की शिकायत करने पर ही विवाद हुआ, जिसके बाद होमगार्ड जवानों ने मारपीट की।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक एमजीएम अस्पताल प्रबंधन और होमगार्ड विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Related Post