Breaking
Sat. Aug 1st, 2026

कपाली पुलिस ने हथियार के साथ कुख्यात अपराधी को दबोचा, लोडेड देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने हथियार के साथ घूम रहे एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई है। वहीं उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की शाम करीब 7:50 बजे सूचना मिली थी कि कपाली ओपी क्षेत्र के पुड़ीसिली के समीप दो युवक स्कूटी पर हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (चांडिल) शिव प्रकाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने पुड़ीसिली स्थित महतो होटल के समीप सुनसान इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित निर्मलनगर दोमुहानी विलासबस्ती का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके बाएं कमर से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

इस मामले में कपाली ओपी कांड संख्या 105/26 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सोनारी, घोड़ाबांधा और कपाली थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (चांडिल) शिव प्रकाश कुमार ने किया। छापेमारी दल में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हसनैन अंसारी तथा कपाली ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post