चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित संत जेवियर बालिका विद्यालय की छात्रा स्नेहा कच्छप गंभीर बीमारी से जूझ रही है। बचपन में हुआ छोटा ट्यूमर समय के साथ बड़ा हो गया है, जिसके कारण अब उसके ऑपरेशन की आवश्यकता है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसके इलाज में समाजसेवी और प्रशासनिक स्तर पर सहयोग किया जा रहा है।
खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सह समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि विद्यालय की शिक्षिकाओं और छात्रा के परिजनों से जानकारी लेने के बाद उन्होंने स्नेहा कच्छप को सदर अस्पताल, चाईबासा के जिला अधीक्षक डॉ. शिवचरण हांसदा से मिलवाया। डॉ. शिवचरण हांसदा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिम्स, रांची के सर्जन डॉ. बेसरा से संपर्क किया। चिकित्सक ने छात्रा के ऑपरेशन के लिए मंगलवार का समय निर्धारित किया है।
सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि छात्रा के इलाज में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DALSA) की अलकामा रुही का भी सहयोग लिया जा रहा है। उनकी टीम मंगलवार को स्नेहा कच्छप को ऑपरेशन के लिए रिम्स, रांची लेकर जाएगी।
उन्होंने कहा कि समय पर ऑपरेशन नहीं होने पर छात्रा की स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने लोगों से छात्रा के सफल ऑपरेशन और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करने की अपील की। साथ ही बताया कि परिवार अत्यंत गरीब है और जरूरत पड़ने पर सामाजिक सहयोग की भी आवश्यकता हो सकती है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम का उद्देश्य गरीब और असहाय लोगों की हरसंभव सहायता करना है।

