जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड की खेडूआ पंचायत अंतर्गत जयपुरा–जुगडीहा मुख्य कच्ची सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों ने अनूठा प्रदर्शन किया। लगातार बारिश से सड़क पूरी तरह कीचड़ और गहरे गड्ढों में बदल जाने के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करने के लिए ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर अपना विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि जयपुरा और जुगडीहा को जोड़ने वाली यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव और कीचड़ इतना बढ़ जाता है कि पैदल चलना भी चुनौती बन जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, किसानों तथा रोजाना आने-जाने वाले लोगों को झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब एक वर्ष पूर्व इस सड़क के निर्माण का शिलान्यास किया गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
इसी नाराजगी के बीच शुक्रवार को ग्रामीण सड़क पर उतरे और धान की रोपाई कर प्रशासन के खिलाफ प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदीप दलाई, विश्वजीत दास, अरुण दास, जानूराम दलाई समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका कहना है कि वर्षों से उपेक्षित इस सड़क के कारण क्षेत्र के लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है और अब वे समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं।

