Breaking
Fri. Oct 2nd, 2026

*गगन साहू ने हर्षित रंजन साहू को बराबरी पर रोका, शंकदीप मैटी 6 अंकों के साथ आगे* *रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के तीसरे दिन दो चक्रों के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हुए।

पांचवें चक्र में ओडिशा के फीडे मास्टर हर्षित रंजन साहू (2387) ने बंगाल के केके चटर्जी (1941) को सफेद मोहरों से हराया। दूसरे बोर्ड पर बंगाल के ऋतिक चक्रवर्ती (1925) ने शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अनुस्तूप विश्वास (2209) को हराकर उलटफेर किया। शंकदीप मैटी (1939) ने अर्पण दास (2078), ऋषण देवनाथ (1980) ने विराट जालान (1932) और बिहार के किशन कुमार (1962) ने महाराष्ट्र के विश्वदित्य अवस्थी (1916) को पराजित किया।

छठे चक्र में छत्तीसगढ़ के गगन साहू (1957) ने बड़ा मुकाबला खेलते हुए ओडिशा के फीडे मास्टर हर्षित रंजन साहू (2387) को बराबरी पर रोक दिया। दूसरे बोर्ड पर बंगाल के शंकदीप मैटी ने ऋषण देवनाथ को हराया। इस जीत के साथ शंकदीप मैटी के कुल 6 अंक हो गए हैं। इसी चक्र में इंटरनेशनल मास्टर आराध्या गर्ग ने आरतिया पाल को पराजित किया।

पश्चिमी सिंहभूम जिला शतरंज संघ के महासचिव बसंत खण्डेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में लगातार रोमांचक मुकाबले हो रहे हैं। देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता में दिव्यांग खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। नेत्रहीन खिलाड़ी निमाई दास ने छठे चक्र में साक्षी बख्शी को हराकर अपने खाते में 3 अंक जोड़े। वहीं नेत्रहीन खिलाड़ी अमर कुमार शर्मा के 2 अंक और सूर्यप्रताप सिंह के 3.5 अंक हैं।

प्रतियोगिता के अगले दिन दो चक्रों के मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का समापन समारोह 4 अक्टूबर को शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा।

Related Post