जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को पूरे श्रद्धाभाव से मनाया। शुक्रवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में मानगो स्थित गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत पार्टी के कई वरीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता ‘महात्मा गांधी अमर रहे’ और ‘लाल बहादुर शास्त्री अमर रहे’ के नारे लगाकर उनके बताए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पूरा भारतवर्ष राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मना रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी ने हमेशा स्वच्छ भारत, स्वदेश और स्वदेशी का आह्वान किया। तो वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान का नारा दिया। महात्मा गांधी खादी को बढ़ावा देने के लिए लोगों से खादी वस्त्र धारण करने की अपील करते थे और उन्हीं के प्रेरणा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण की बात करते हैं, जिससे स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा मिल सके।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, जटाशंकर पांडेय, मिथिलेश सिंह यादव, राजीव सिंह, संजीत चौरसिया, बिनोद राय, प्रशांत पोद्दार, विकास शर्मा, धर्मेंद्र प्रसाद, रमेश बास्के, बीनानंद सिरका समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

