Breaking
Wed. Jul 29th, 2026

मूसलाधार बारिश में घर पर गिरा विशाल पेड़, बाल-बाल बचा परिवार

गुवा: पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गुवा थाना क्षेत्र के लालजी हाटिंग में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क किनारे स्थित जीवन भेंगरा के घर पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घर में सो रहे सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई।

घटना के संबंध में जीवन भेंगरा ने बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद घर में सो रहे थे। आधी रात के बाद अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही परिवार के लोग घबराकर घर से बाहर निकल आए। बाहर आने पर उन्होंने देखा कि एक विशाल पेड़ उनके घर के ऊपर गिर चुका है। पेड़ गिरने से मकान की छत और दीवार का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

जीवन भेंगरा ने बताया कि यदि परिवार के लोग कुछ देर और घर के अंदर रहते तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते सभी के बाहर निकल आने से एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद परिवार दहशत में है और क्षतिग्रस्त मकान में रहना भी उनके लिए जोखिम भरा हो गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और परिवार की सहायता में जुट गए। लोगों ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण क्षेत्र में कई पेड़ कमजोर होकर गिरने की स्थिति में हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक पेड़ों की पहचान कर समय रहते उन्हें हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

पीड़ित जीवन भेंगरा ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का आकलन कर उचित मुआवजा उपलब्ध कराने तथा घर की मरम्मत कराने की मांग की है। वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो कमजोर मकानों और सड़क किनारे खड़े पेड़ों से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है।

Related Post