चाईबासा: चाईबासा रेलवे स्टेशन स्थित बाबा दिगंबर मंदिर का 10वां वार्षिकोत्सव मंगलवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा के बाद मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई।
पूजा संपन्न होने के बाद दोपहर में प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ लगी रही और धार्मिक माहौल बना रहा।
शाम के समय संध्या भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम के भजन से हुई। भजन-कीर्तन में श्रद्धालु देर शाम तक भक्ति रस में डूबे रहे और भगवान के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मदन यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के संरक्षक विजय सिंह गुप्ता, अध्यक्ष जितेंद्र भगत, उपाध्यक्ष विनय भगत, उपाध्यक्ष अमित ठाकुर, रवि भगत, तरुण गोस्वामी, गणेश प्रसाद, मनोज भगत, रौनक सिन्हा, मनीष भगत और पंकज भगत सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वार्षिकोत्सव धार्मिक परंपराओं के अनुरूप मनाया गया। कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। अंत में सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

