चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बड़ा गुईरा, दिवरिसाई गांव में 19 वर्षीय पूनम सुंडी का शव सोमवार सुबह उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका के पिता गोपाल सुंडी ने मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि सोमवार सुबह घर का माहौल सामान्य था। पूनम ने परिवार के लिए भोजन भी तैयार किया था। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने चले गए। कुछ देर बाद उसकी मां खेत से घर लौटीं और विश्राम करने लगीं।
सुबह करीब नौ बजे जब उन्होंने पूनम को आवाज लगाई और कोई जवाब नहीं मिला, तो वह दूसरे कमरे में पहुंचीं। वहां पूनम धोती के सहारे फंदे से लटकी मिली। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
घटना की जानकारी ग्रामीण मुंडा को दी गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस गांव पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। बाद में पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया गया।
मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

