Breaking
Mon. Jul 27th, 2026

हिट एंड रन मामले का खुलासा, सेल कर्मी की मौत के आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में सेल कर्मी की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रोस्पेक्टिंग निवासी अजंता कंडुलना (36) को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की मौत सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि आरोपी की लापरवाही से हुई टक्कर का परिणाम थी।

जानकारी के अनुसार, मेघाहातुबुरु के सेल कर्मी सचिन करण कुछ दिन पहले सारंडा सुवन छात्रावास के समीप रात के समय गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। उन्हें तत्काल इस्पात जनरल अस्पताल, राउरकेला ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शुरुआती दौर में इसे एक सामान्य सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन किरीबुरू थाना पुलिस की विस्तृत जांच में मामले की वास्तविकता सामने आ गई।

थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की गहन जांच की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सचिन करण की मोटरसाइकिल को अजंता कंडुलना द्वारा तेज और लापरवाही से चलाई जा रही मोटरसाइकिल ने टक्कर मारी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद आरोपी घायल सचिन की सहायता करने के बजाय मौके से फरार हो गया। उसने न तो उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया और न ही पुलिस या एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस की लगातार जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Related Post