Breaking
Mon. Jul 27th, 2026

जुगसलाई की महिला की पहचान होने से कैनाल में मिले शव की गुत्थी गहराई, सगाई की खुशियां मातम में बदली

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह कैनाल से रविवार सुबह बरामद अज्ञात महिला के शव की पहचान जुगसलाई के आरपी पटेल स्कूल रोड (बंगालीपाड़ा) निवासी किरण देवी के रूप में हो गई है। पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि परिवार में चल रही खुशी का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया। पुलिस अब महिला की मौत के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने कलियाडीह कैनाल में एक महिला का शव तैरता देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। उस समय महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।

घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मृतका के पुत्र घनश्याम एमजीएम अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान अपनी मां किरण देवी के रूप में की। इसके बाद उन्होंने परसुडीह थाना पहुंचकर पुलिस को आवश्यक जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने इस मामले पर मीडिया से कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार, रविवार को ही किरण देवी के भाई का सगाई समारोह कदमा स्थित केएफ-2 क्लब में आयोजित होना था। परिवार समारोह की तैयारियों में जुटा था, लेकिन किरण देवी की मौत की खबर मिलते ही पूरा परिवार शोक में डूब गया और सगाई का माहौल मातम में बदल गया।

पुलिस के सामने अब कई सवाल खड़े हो गए हैं। जुगसलाई स्थित अपने घर और कदमा में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम के बजाय किरण देवी परसुडीह के कलियाडीह कैनाल तक कैसे पहुंचीं, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस इस संभावना की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को कैनाल में तो नहीं फेंका गया। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Post