Breaking
Sat. Jul 25th, 2026

कराईकेला बाजार में रंगदारी की तैयारी नाकाम, देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए कथित रंगदारी की एक साजिश को विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक युवक को अवैध देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा, एक कीपैड मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 24 जुलाई 2026 की रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली थी कि कराईकेला बाजार-हाट मैदान में एक युवक हथियार के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, जिसके निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम जैसे ही बाजार-हाट मैदान पहुंची, वहां मौजूद युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। हालांकि पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बागराय नाग (19 वर्ष), पिता मुचराय नाग, निवासी लोटाबुरु, दलभंगा ओपी (कुचाई थाना), जिला सरायकेला-खरसावां के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। हथियार से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बाइक (संख्या JH01CG-6716) से कराईकेला बाजार एक व्यक्ति को धमकाकर रंगदारी वसूलने के इरादे से आया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कराईकेला थाना में आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, एक कीपैड मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध दलभंगा ओपी (कुचाई थाना) में वर्ष 2023 में दर्ज हत्या के एक मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 201 एवं 34 के तहत प्राथमिकी दर्ज है। छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी प्यारे हसन, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार तथा कराईकेला थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

Related Post