लातेहार। जिले के मणिका थाना क्षेत्र की डोंकी पंचायत के मुखिया भजेन्द्र उरांव ने खुद को पत्रकार बताने वाले तीन लोगों पर झूठी खबर प्रकाशित करने की धमकी देकर रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में मुखिया की लिखित शिकायत पर मणिका थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मुखिया भजेन्द्र उरांव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि डिम्पल राजा, दीपू राम और छोटू राजा नामक तीन लोग, जो स्वयं को एक दैनिक अखबार से जुड़ा बताते हैं, काफी समय से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप है कि पंचायत में चल रही विकास योजनाओं को लेकर लगातार भ्रामक और झूठी खबरें प्रकाशित करने तथा खबरों को दबाने के नाम पर उनसे पैसे की मांग की जाती रही। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने पहले भी खबर मैनेज करने के बहाने उनसे 10 हजार रुपये वसूले थे। यह राशि दीपू राम के घर के समीप स्थित एक कपड़ा दुकान से शमशाद अंसारी के फोनपे खाते के माध्यम से ली गई थी।
मुखिया का आरोप है कि पहली बार रुपये लेने के बाद भी आरोपियों की मांग खत्म नहीं हुई और अब वे उनसे एक लाख रुपये की अतिरिक्त रंगदारी मांग रहे हैं। पैसे नहीं देने पर झूठी खबरें प्रकाशित करने, गांव में उनकी छवि खराब करने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
लगातार मिल रही धमकियों और कथित भयादोहन से परेशान होकर मुखिया ने पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपों की सत्यता का परीक्षण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

