जमशेदपुर। बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित प्राथमिक विद्यालय में लंबे समय से बनी प्रकाश व्यवस्था की समस्या का समाधान पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने अपने निजी खर्च से कर दिया। उन्होंने विद्यालय के दोनों कक्षों में चार एलईडी ट्यूब लाइट और परिसर के बाहर एक हैलोजन लाइट लगवाकर बच्चों, शिक्षकों और आसपास के लोगों को बड़ी राहत दिलाई।
विद्यालय में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई और शिक्षकों के पठन-पाठन कार्य में लगातार परेशानी हो रही थी। कुछ दिन पहले विद्यालय की प्रधानाध्यापिका की पहल पर आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। बैठक के दौरान झरना मिश्रा ने तत्काल अपने निजी खर्च से प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया था। शुक्रवार को उन्होंने अपना वादा निभाते हुए विद्यालय में चार एलईडी ट्यूब लाइट तथा परिसर के बाहर एक हैलोजन लाइट लगवा दी।
नई लाइटें लगने के बाद विद्यालय के कक्ष अब पूरी तरह रोशन हो गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। वहीं शिक्षकों को भी शिक्षण कार्य में सुविधा होगी। विद्यालय परिसर के बाहर हैलोजन लगने से शाम के समय अंधेरा नहीं रहेगा और परिसर की सुरक्षा भी बेहतर होने की उम्मीद है।
झरना मिश्रा ने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यालय की अन्य आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान के लिए भी वह लगातार प्रयास करती रहेंगी।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उषा कुमारी और शिक्षिका सरिता कुमारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रकाश व्यवस्था की समस्या दूर होने से विद्यालय का वातावरण पहले की तुलना में काफी बेहतर हो गया है। उन्होंने झरना मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, सीमा पांडे, प्रधानाध्यापिका उषा कुमारी, शिक्षिका सरिता कुमारी सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

