कोडरमा। सतगावां थाना क्षेत्र की खुट्टा पंचायत अंतर्गत मनोरथडीह गांव में बुधवार सुबह करम डाली विसर्जन के दौरान अचानक भौंरों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भौंरों के डंक से बच्चों, महिलाओं समेत दर्जनों लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए सात वर्षीय अंगद कुमार को बेहतर इलाज के लिए कोडरमा रेफर किया गया।
बताया गया कि मनोरथडीह गांव के ग्रामीण करम पर्व के बाद करम डाली का विसर्जन करने के लिए छोटनर नदी पहुंचे थे। इसी दौरान नदी के समीप स्थित एक सेमल के पेड़ पर बने भौंरों के छत्ते से अचानक बड़ी संख्या में भौंरे निकल आए। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, भौंरों ने वहां मौजूद ग्रामीणों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। भगदड़ के बीच कई बच्चों और महिलाओं समेत अन्य ग्रामीणों को भौंरों ने डंक मार दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उन्हें इलाज के लिए सतगावां सीएचसी ले जाया गया। घायलों में अंजनी कुमारी (25), निशु कुमारी (18), इंदू कुमारी (18), खुशी कुमारी (20), नीतू कुमारी (14), दीपाली कुमारी (6), प्रियांशु कुमारी (12), आर्यन कुमार (11), सोहानी कुमारी (8), सिद्धार्थ कुमार (3) और अंगद कुमार (7) समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं। कुछ घायलों का स्थानीय स्तर पर भी उपचार कराया गया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सात वर्षीय अंगद कुमार की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे कोडरमा रेफर कर दिया। सुरेश राम ने बताया कि अंगद को बेहतर इलाज के लिए कोडरमा भेजा गया है। वहीं, अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। करम पर्व के दौरान हुए इस हादसे से गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

