जमशेदपुर। NEET-2026 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 15,600 प्राप्त कर शहर और राज्य का नाम रोशन करने वाली इशिका पोद्दार को मंगलवार को भाजपा के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी एवं जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने सम्मानित किया। वे बिरसानगर स्थित भाजपा नेता नारायण पोद्दार के आवास पहुंचे और इशिका को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान समारोह के दौरान दिनेश कुमार ने इशिका को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें श्रीमद्भागवत गीता, डायरी और कलम भेंट की तथा मिठाई खिलाकर सफलता की बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने नारायण पोद्दार और उनके परिवार के सभी सदस्यों को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इशिका की सफलता पूरे परिवार के साथ-साथ जमशेदपुर और झारखंड के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि NEET जैसी कठिन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और परिवार के सहयोग का परिणाम होता है। इशिका पोद्दार की सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो अपने लक्ष्य को लेकर समर्पित भाव से तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इशिका आगे चलकर एक सक्षम, संवेदनशील और समर्पित चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगी।
इस अवसर पर ओंकार सिंह, गोलक गोप और आयुष पॉल सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

