Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

सीआईएससीई जोनल हैंडबॉल चयन ट्रायल शुरू, 20 स्कूलों के एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

जमशेदपुर। शहर के जे.आर.डी. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को आर.एम.एस. हाई स्कूल, बालीचेला की ओर से आयोजित सीआईएससीई जोनल हैंडबॉल चयन ट्रायल-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन के साथ ही खेल परिसर में उत्साह, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ चयन ट्रायल में भाग लिया।

इस चयन ट्रायल में सीआईएससीई बोर्ड से संबद्ध 20 विद्यालयों के एक हजार से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की मौजूदगी से जे.आर.डी. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पूरे दिन खेल गतिविधियों से गुलजार रहा। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन गुलमोहर हाई स्कूल की प्राचार्या एवं सीआईएससीई जोनल कोऑर्डिनेटर प्रीति सिन्हा ने किया। इस अवसर पर जे.आर.डी. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के वरिष्ठ प्रबंधक हसन इमाम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आर.एम.एस. के अध्यक्ष संजय केडिया, ट्रस्टी आर.के. झुनझुनवाला, प्रबंधन समिति की सदस्य वंदना जैन तथा आर.एम.एस. हाई स्कूल, खुटाडीह की प्राचार्या परिणीता शुक्ला भी समारोह में मौजूद रहीं।

अपने संबोधन में अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, समर्पण और टीम भावना का भी माध्यम हैं। खिलाड़ियों से पूरे समर्पण और ईमानदारी के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया।

औपचारिक उद्घाटन के बाद चयन ट्रायल की शुरुआत हुई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी और विद्यालयी स्तर पर हैंडबॉल को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Post