Breaking
Sun. Sep 20th, 2026

गणेश विसर्जन जुलूस में चापड़बाजी, तीन घायल, पुलिस पर पथराव के बाद भारी पुलिस बल तैनात

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में रविवार रात गणेश पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान डांस करने को लेकर हुए विवाद के बाद चापड़बाजी की घटना सामने आई। इस घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद क्यूआरटी सहित आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।

बताया गया कि काशीडीह में जुस्को के बगल में गणेश पूजा का आयोजन किया गया था। रविवार रात गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए बड़े डीजे सेट, लाइट और पटाखों की व्यवस्था की गई थी। आयोजक और स्थानीय युवक डीजे की तेज आवाज पर नाचते-गाते हुए काशीडीह लाइन नंबर 13 के पास पहुंचे। इसी दौरान डांस करने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया और देखते ही देखते आपस में भिड़ंत हो गई।

आरोप है कि इसी दौरान पूर्व अपराधी गौरव ने चापड़ निकालकर हमला कर दिया, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद जुलूस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इलाके के कई दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें बंद कर दीं। सूचना मिलने के बाद साकची पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस गणेश प्रतिमा और डीजे सेट को लेकर आयोजकों के साथ काशीडीह लाइन नंबर एक की ओर बढ़ी। इसी दौरान घायल युवकों के समर्थकों ने कथित तौर पर पुलिस और डीजे सेट पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मियों में भी अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ क्यूआरटी को मौके पर बुलाया गया।

अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। एहतियात के तौर पर साकची थाना क्षेत्र के अलावा आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाकर काशीडीह इलाके में तैनात किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद में शामिल लोगों की पहचान के साथ घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं पुलिस द्वारा आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Related Post