चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र के हरिजन हाटिंग निवासी जीतन राय ने अपनी भतीजी करिश्मा राय की संदिग्ध मौत को लेकर चक्रधरपुर थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में करिश्मा के पति देवानंद प्रधान, देवर देवेंद्र प्रधान, ससुर निर्मल प्रधान और सास मंजुरा प्रधान पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है।
आवेदन के अनुसार, करिश्मा ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन विवाह के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। परिजनों का आरोप है कि देवर द्वारा कई बार मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दी गई, जिससे वह लगातार तनाव में रहती थी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि गर्भावस्था के दौरान उसकी समुचित देखभाल नहीं की गई। बच्ची के जन्म के बाद उसे सदर अस्पताल, चाईबासा में छोड़ दिया गया, जहां इलाज के दौरान 16 जुलाई 2026 को उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराने की बात कही है। उनका दावा है कि वीडियो में एक कथित झाड़-फूंक करने वाला व्यक्ति करिश्मा के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है, जबकि अन्य लोग उसे पकड़कर रखे हुए हैं। उन्होंने वीडियो की फॉरेंसिक जांच, संबंधित लोगों की पहचान, मोबाइल फोन और अस्पताल के रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा सभी साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे साक्ष्य प्रभावित हो सकते थे। फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

