चाईबासा: सदर बाजार स्थित प्राचीन काली मंदिर में शनिवार को माँ विपत्तारिणी पूजा श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित की जाएगी। पूजा-अर्चना का शुभारंभ सुबह 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ होगा।
आयोजन समिति के अनुसार पूजा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विशेषकर सुहागिन महिलाओं के शामिल होने की संभावना है।
मान्यता है कि माँ विपत्तारिणी की आराधना से जीवन की विपत्तियां दूर होती हैं तथा परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और मंगल का वास होता है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु व्रत रखकर माता की पूजा-अर्चना करेंगे, व्रत कथा का श्रवण करेंगे तथा परंपरा के अनुसार रक्षा सूत्र धारण करेंगे।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर पूजा में शामिल होने की अपील की है।

