कोडरमा/सतगावां। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सतगावां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से 247 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 15 जुलाई को सतगावां थाना प्रभारी के नेतृत्व में घोड़सीमर चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बिहार की ओर जा रहे एक स्कॉर्पियो (बीआर 01पीबी 9361) और एक सिल्वर रंग की सफारी (बीआर 01पीजी 2122) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देख दोनों वाहनों के चालक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया।
वाहनों की तलाशी के दौरान सफारी वाहन की पिछली सीट के नीचे विशेष रूप से बनाए गए बॉक्स से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की (180 एमएल) के 750 पाउच, ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की (180 एमएल) की 130 प्लास्टिक बोतलें, रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की (750 एमएल) की 105 बोतलें, ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की (750 एमएल) की 14 बोतलें तथा हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर (500 एमएल) के 60 कैन शामिल हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 247 लीटर तथा अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने आदित्य राय (19 वर्ष), गौतम कुमार (20 वर्ष), संतोष कुमार (24 वर्ष) और विकास कुमार (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिहार के सारण, वैशाली और हाजीपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है तथा सतगावां थाना कांड संख्या 57/26 के तहत बिहार/झारखंड उत्पाद अधिनियम एवं बीएनएसएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार, तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस अभियान में थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह, विशाल सिंह, शरण तोपनो, द्वारिका यादव, रामासहसी कुमार यादव एवं शाहबाज अहमद की सराहनीय भूमिका रही।

