कोडरमा/सतगावां। थाना क्षेत्र के ग्राम समलडीह से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद और लगातार हो रहे घरेलू कलह से तंग आकर एक 60 वर्षीय महिला ने आग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पीड़िता की पहचान समलडीह निवासी जनार्दन राम की पत्नी पुष्पा देवी के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुष्पा देवी अपने निवास स्थान पर अपने पति और छोटे बेटे-बहू के साथ रह रही थीं। पिछले कुछ दिनों से घर में छोटे बेटे और पुत्रवधू के साथ उनका लगातार विवाद चल रहा था। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, पुत्रवधू द्वारा लगातार किए जा रहे मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर वृद्ध महिला ने आखिरकार यह खौफनाक कदम उठा लिया और खुद को आग के हवाले कर दिया।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसी महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार तो किया गया, लेकिन महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया है।
इस मामले को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला की स्थिति बेहद नाजुक है। उनका शरीर 50 प्रतिशत से अधिक गंभीर रूप से झुलस चुका है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

