Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

लोहरदगा में एनआईए का बड़ा एक्शन, छह ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी आरएसएस प्रांत कार्यालय पेट्रोल बम हमले की जांच में घंटों चला सघन तलाशी अभियान

लोहरदगा। रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच ने गुरुवार को नया मोड़ ले लिया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने तड़के लोहरदगा में एक साथ छह ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और अन्य संभावित साक्ष्य खंगाले गए। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के बीच हुई इस कार्रवाई से पूरे जिले में दिनभर हलचल और चर्चाओं का माहौल बना रहा।

सुबह करीब चार बजे शुरू हुआ यह अभियान कई घंटे तक चला। एनआईए की टीम ने संदिग्धों के ठिकानों की गहन तलाशी लेते हुए डिजिटल उपकरणों, दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की। जांच के दौरान एनआईए ने इस मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में बंद सैफ अंसारी और अमन अंसारी के आवास सहित अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया। एजेंसी का उद्देश्य हमले से जुड़े नेटवर्क, संपर्कों और संभावित साजिश के अन्य पहलुओं से जुड़े साक्ष्य जुटाना बताया जा रहा है।

तलाशी के दौरान एक स्थान पर मुख्य दरवाजा नहीं खुलने पर एनआईए की टीम ने क्रेन की मदद से भवन के ऊपरी हिस्से तक पहुंचकर अंदर प्रवेश किया और उसके बाद तलाशी की कार्रवाई पूरी की। अभियान के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों की भारी तैनाती रही और पूरे ऑपरेशन को अत्यंत गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया।

सुबह-सुबह बड़ी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों और जांच अधिकारियों की मौजूदगी से इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पूरे दिन छापेमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए एनआईए के अधिकारियों ने मौके पर मीडिया से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की।

गौरतलब है कि इससे पहले 19 जून को भी एनआईए ने इसी मामले में लोहरदगा के कुछ ठिकानों पर छापेमारी की थी। गुरुवार की कार्रवाई को उसी जांच की अगली कड़ी माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण डिजिटल सामग्री और अन्य संभावित साक्ष्य एजेंसी ने अपने कब्जे में लिए हैं, जिन्हें अब फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के लिए भेजा जाएगा। हालांकि इस संबंध में एनआईए की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिलहाल एनआईए ने छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। माना जा रहा है कि जांच के अगले चरण और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद एजेंसी मामले में विस्तृत जानकारी साझा कर सकती है।

Related Post