आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर मैदान में रविवार देर रात हुई गौतम मुंडा की हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल हेम्ब्रम उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी सिंह ने बताया कि हत्या की घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर राहुल हेम्ब्रम उर्फ दीपक की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि घटना की रात गांव में नाच-गाना का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें आरोपी भी शामिल था। इसी दौरान गौतम मुंडा वहां से गुजर रहे थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान राहुल हेम्ब्रम ने पास में पड़े पत्थर से गौतम मुंडा पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से गौतम मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

