Breaking
Sun. Jul 12th, 2026

चाईबासा में 14वीं जिला स्तरीय ओपन योग प्रतियोगिता आयोजित, 290 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

चाईबासा: स्थानीय पिलाई टाउन हॉल में रविवार को एसआर रूंगटा ग्रुप के प्रायोजन तथा पश्चिमी सिंहभूम योगा एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन, चाईबासा के तत्वावधान में 14वीं जिला स्तरीय ओपन योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी नंदकिशोर चौधरी और झारखंड योग संघ के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्था के सचिव दीपक प्रसाद, उपाध्यक्ष सुनील कुमार प्रजापति एवं सुमित विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि नंदकिशोर चौधरी ने कहा कि वर्तमान भौतिक युग में अधिकांश लोग तनावग्रस्त जीवन जी रहे हैं। ऐसे समय में योग ही ऐसा माध्यम है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रख सकता है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग और प्राणायाम करने की अपील की।

झारखंड योग संघ के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि स्वस्थ एवं समृद्ध राष्ट्र का निर्माण हो सके। उन्होंने बताया कि चाईबासा में संस्था द्वारा प्रतिदिन योग प्रशिक्षण दिया जाता है, जहां इच्छुक लोग आकर योग सीख सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 8 एवं 9 अगस्त 2026 को चाईबासा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था के सचिव दीपक प्रसाद ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों से कुल 290 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। साथ ही प्रतियोगिता के प्रायोजन के लिए एसआर रूंगटा ग्रुप के प्रति आभार व्यक्त किया।

संस्था के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों को एकाग्रता बढ़ाने के लिए नियमित योग करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश भी शामिल हुए। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सीडीपीओ वामन टुडे और कन्हैयालाल अग्रवाल ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। वामन टुडे ने कहा कि नियमित योग करने वाला व्यक्ति स्वस्थ रहता है और उसे चिकित्सक के पास जाने की आवश्यकता बहुत कम पड़ती है। उन्होंने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए अन्य प्रतिभागियों से निरंतर प्रयास जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम योगा एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था प्रतिवर्ष योग संबंधी प्रतियोगिताओं का आयोजन कर लोगों में योग के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ा रही है।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुनील कुमार प्रजापति, सुमित कुमार विश्वकर्मा, सोम नायक, राहुल साहू, सदानंद साहू, हिमानी लकड़ा, अनामिका कुमारी राम, चंदन सीट, सिद्धार्थ प्रसाद, रवि नंदन ठाकुर, पूजा नायक और गौरव प्रसाद शामिल रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में घनश्याम मुदड़ा, गोविंद चिरानिया, अरुण विश्वकर्मा, निलेश कुमार, अजय मेहता, रामावतार अग्रवाल, कृष्ण दोदराजका, जहांगीर आलम, मासूम परवीन, इरशाद मास्टर, सुब्रतो दास, पप्पू, अरुण सर, निर्मल त्रिपाठी और विष्णु भूत सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।

Related Post