चाईबासा: चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से रविवार को पंचम वृहद रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 105 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जबकि 287 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया। बड़ी संख्या में रक्तदाताओं, चिकित्सकों, व्यापारियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के परिवहन एवं राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार मंत्री दीपक बिरुवा, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, नगर परिषद चाईबासा के अध्यक्ष एवं चाईबासा चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) पूजा कुमारी, नगर परिषद के उपाध्यक्ष एवं चेम्बर कार्यसमिति सदस्य विकास शर्मा, डॉ. सौम्य सेनगुप्ता, डॉ. अजय अग्रवाल, चाईबासा चेम्बर के अध्यक्ष संजय चौबे, निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल तथा उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम संयोजक दुर्गेश खत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का पौधा और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया।
स्वागत भाषण में संजय चौबे ने कहा कि चाईबासा चेम्बर व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी निर्वहन कर रहा है। उन्होंने नियमित रक्तदान और सामाजिक अभियानों में लोगों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
मुख्य अतिथि दीपक बिरुवा ने चाईबासा चेम्बर के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए चेम्बर के स्थायी कार्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अपना भवन बनने से चेम्बर की व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि रक्तदान जीवनदान है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता कई लोगों की जान बचा सकती है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
नगर परिषद अध्यक्ष एवं चाईबासा चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि उनकी माता की पुण्यतिथि के अवसर पर इस शिविर का आयोजन होना उनके लिए भावुक पल है। उन्होंने आग्रह किया कि हर वर्ष इसी तिथि पर यह शिविर आयोजित किया जाए तथा अगले वर्ष से इसके आयोजन का पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेंगे।
समाजसेवी एवं उद्योगपति मुकुंद रुंगटा ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और ऐसे आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर में कुल 105 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। वहीं 52 इच्छुक रक्तदाताओं को हीमोग्लोबिन की कमी, रक्तचाप अथवा अन्य चिकित्सकीय कारणों से रक्तदान की अनुमति नहीं दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि यह निर्णय रक्तदाता और रक्त प्राप्त करने वाले दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सौम्य सेनगुप्ता ने आकस्मिक हृदयाघात की स्थिति में सीपीआर (CPR) देने की विधि का प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में संयुक्त सचिव विवेक कुमार सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच संचालन मुकेश मोदी ने किया। शिविर में चाईबासा चेम्बर के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, आजीवन सदस्य, युवा उद्यमी, व्यापारी तथा बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। सभी रक्तदाताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।

