Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का कहर जारी, दो और मौतों से मृतकों की संख्या सात पहुंची, पोटका सीएचसी प्रभारी निलंबित

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है। बुधवार को दो और मरीजों की मौत के बाद जिले में इस वर्ष मलेरिया से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। बढ़ते संक्रमण और लगातार सामने आ रहे ब्रेन मलेरिया के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। हालात की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गुरुवार को पोटका क्षेत्र में कैंप कर रही है, जबकि प्रभावित गांवों में जांच, दवा वितरण और जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है।

बुधवार को एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा निवासी मेरी बंडारा (50) का इलाज के दौरान टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में निधन हो गया। चिकित्सकों के अनुसार वह मलेरिया के अलावा निमोनिया और पीलिया से भी पीड़ित थीं। पहले उनका इलाज मर्सी अस्पताल में चल रहा था, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 2 जुलाई को टीएमएच रेफर किया गया था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की स्थिति को देखते हुए सांसद जोबा मांझी के हस्तक्षेप पर टीएमएच प्रबंधन ने उनके इलाज का पूरा खर्च माफ कर दिया था।

दूसरी ओर पोटका निवासी गणेश सरदार की पांच वर्षीय बेटी राखी सरदार ब्रेन मलेरिया से जिंदगी की जंग हार गई। तेज बुखार के बाद उसे 5 जुलाई को सदर अस्पताल से एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया था। जांच में सेरेब्रल (ब्रेन) मलेरिया की पुष्टि होने के बाद उसे वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल में ब्रेन मलेरिया के दो अन्य गंभीर मरीजों का भी उपचार जारी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को जिले में 12,518 लोगों की जांच की गई, जिसमें 128 नए मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई। इनमें 98 मरीज ब्रेन मलेरिया और 28 सामान्य मलेरिया से संक्रमित पाए गए। पिछले 11 दिनों में जिले में 52,480 लोगों की जांच की जा चुकी है। लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए विभाग ने पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. रजनी महाकुड़ को मलेरिया नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी में कथित लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से बुखार होने पर तुरंत जांच कराने, मच्छरों से बचाव करने और घरों के आसपास जलजमाव नहीं होने देने की अपील की है।

Related Post