Breaking
Tue. Jul 7th, 2026

सिदगोड़ा में 51.81 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, खड़गपुर से सप्लाई नेटवर्क का खुलासा

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 51.81 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 275 पुड़िया ब्राउन शुगर और एक सैमसंग स्मार्टफोन बरामद किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.97 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लिट्टी चौक के समीप एक व्यक्ति ब्राउन शुगर की बिक्री करने पहुंचा है। सूचना के सत्यापन के बाद सिदगोड़ा थाना प्रभारी मो. फैज अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जबकि एक संदिग्ध युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 275 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 51.81 ग्राम निकला। इसके अलावा उसके पास से एक आसमानी रंग का सैमसंग स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान 32 वर्षीय मो. शाहिद के रूप में दी, जो बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैरेज कॉलोनी स्थित मुस्लिम बस्ती में मदरसा के पास का रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से ब्राउन शुगर लाकर बर्मामाइंस क्षेत्र की एक महिला सहयोगी के साथ मिलकर जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में इसकी बिक्री करता था। इसी दौरान वह पुलिस के शिकंजे में आ गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मो. शाहिद का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित कई संगीन मामलों में बर्मामाइंस थाना में पूर्व से कांड दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

इस छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी मो. फैज अहमद के अलावा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी राजू टुडू, पुलिस अवर निरीक्षक राजू लाल स्वांसी, पुलिस अवर निरीक्षक सुशांत मुंडी तथा सिदगोड़ा थाना की अन्य पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।

Related Post