चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बासाहातु में मंगलवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक आहार का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उन्हें जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, जिला परिषद सदस्य यमुना तियू, एक्साइज ऑफिसर रंजन तिवारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. आलोक रंजन महतो सहित अन्य अधिकारी और प्रखंड कर्मी मौजूद रहे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कुल 39 टीबी मरीजों को गोद लिया। सभी 39 मरीजों के बीच पौष्टिक आहार का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मरीजों को नियमित इलाज के साथ संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व की भी जानकारी दी गई।
खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि टीबी का इलाज बीच में नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने सभी मरीजों से चिकित्सकों की सलाह के अनुसार समय पर दवा लेने और वितरित किए गए पौष्टिक आहार का नियमित सेवन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दवा और पौष्टिक भोजन दोनों का नियमित पालन करने से टीबी से जल्द स्वस्थ होने में मदद मिलती है।
प्रभारी चिकित्सक डॉ. आलोक रंजन महतो ने भी मरीजों को नियमित जांच कराने, समय पर दवा लेने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से जागरूक रहने तथा मरीजों का सहयोग करने की अपील की।

