Breaking
Tue. Jul 7th, 2026

कोडरमा स्टेशन के रनिंग रूम इंचार्ज की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत

कोडरमा। धनबाद-गया रेलखंड कोडरमा रेलवे स्टेशन के ईस्ट केबिन के समीप रेलवे ट्रैक से क्षत-विक्षत अवस्था में एक शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। बाद में शव की पहचान कोडरमा स्टेशन के लोको रनिंग रूम के इंचार्ज बी. चंपईया के रूप में हुई।

जानकारी सुबह कोडरमा जीआरपी को सूचना मिली कि ईस्ट केबिन के पास रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। वहां शव कई हिस्सों में बंटा हुआ था। पुलिस ने सभी अवशेषों को कब्जे में लेकर जीआरपी थाना पहुंचाया। उधर, जब लोको रनिंग रूम के कर्मचारियों ने सुबह अपने इंचार्ज बी. चंपईया की तलाश शुरू की तो उनका कहीं पता नहीं चला। इसी बीच रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिलने पर कर्मचारी जीआरपी थाना पहुंचे। पुलिस द्वारा बरामद शव के कपड़े दिखाए जाने पर कर्मचारियों ने जींस पैंट के आधार पर उनकी पहचान बी. चंपईया के रूप में की। बाद में जींस की जेब से रेलवे का पहचान पत्र (आई-कार्ड) मिलने से उनकी शिनाख्त की पुष्टि हो गई। प्राथमिक तौर पर लोको रनिंग रूम के कर्मचारियों का अनुमान है कि सोमवार सुबह ब्रश करने के दौरान बी. चंपईया रेलवे ट्रैक पार कर रहे होंगे। इसी दौरान किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जीआरपी की जांच के बाद ही चल सकेगा। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। इस घटना के बाद रेलवे कर्मियों में शोक का माहौल है। बताया जाता है कि बी. चंपईया ने करीब एक वर्ष पूर्व ही कोडरमा लोको रनिंग रूम के इंचार्ज का पदभार संभाला था।

Related Post