चाईबासा: जिला स्कूल मैदान में झारखंड शिक्षा परियोजना, पश्चिमी सिंहभूम सदर प्रखंड इकाई के तत्वावधान में आयोजित प्रखंड स्तरीय अंडर-12 लिटिल चैंप सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में संत जेवियर्स बालक मध्य विद्यालय, चाईबासा तथा बालिका वर्ग में स्कॉट हिंदी बालिका मध्य विद्यालय, चाईबासा की टीम ने खिताब अपने नाम किया।
बालक वर्ग के फाइनल में संत जेवियर्स बालक मध्य विद्यालय का मुकाबला जिला स्कूल की टीम से हुआ। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच के पहले हाफ में संत जेवियर्स को पेनाल्टी का मौका मिला, जिसे अंकित हेस्सा ने गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद मैच के अंतिम समय में गोमा बानरा ने शानदार गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। संत जेवियर्स ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम किया।
बालिका वर्ग के फाइनल में संत जेवियर्स बालिका मध्य विद्यालय, चाईबासा और स्कॉट हिंदी बालिका मध्य विद्यालय, चाईबासा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, जिसके बाद विजेता का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। संत जेवियर्स की टीम कोई गोल नहीं कर सकी, जबकि स्कॉट हिंदी बालिका मध्य विद्यालय की ओर से फलमनी कालुंडिया और सोनी देवगम ने गोल कर टीम को 2-0 से जीत दिलाई।
प्रतियोगिता में रेफरी की जिम्मेदारी शारीरिक शिक्षक-शिक्षिकाओं सतीश पाटिल, मुकेश कुमार, शिवानी सिंह तिरिया और स्वीटी सिंह ने निभाई।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी शकुंतला बानरा और वरीय सर्कल रिसोर्स पर्सन शैलेश कुमार वर्मा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कृष्णा देवगम, पूनम कुजूर, उमेश सिन्हा, हेमंत कुमार सिंकू और प्रतिमा कालुंडिया का योगदान रहा। इस अवसर पर दोनों टीमों के कोच, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य लोग उपस्थित थे।

