चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने राउरकेला रेलवे स्टेशन पर मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करने वाले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे कर्मचारियों को सोमवार को सम्मानित किया। इन कर्मचारियों ने 5 जुलाई 2026 को प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला की समय रहते सहायता कर उसकी सुरक्षित डिलीवरी कराई थी।
जानकारी के अनुसार, राउरकेला रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ की महिला कांस्टेबल एस. खातून, एएसआई पी.पी. यादव, एएसआई अनुज कुमार तथा स्टेशन अधीक्षक मिथिलेश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही सभी ने सूझबूझ, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला की सुरक्षित प्रसव में सहायता की, जिससे एक स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ।
प्रसव के बाद मां और नवजात बच्ची को बेहतर उपचार के लिए तत्काल राउरकेला सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों की देखरेख की जा रही है।
इस सराहनीय कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक ने सभी संबंधित आरपीएफ एवं रेलवे कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनकी त्वरित कार्रवाई, कर्तव्यनिष्ठा और मानव सेवा की भावना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संवेदनशील और मानवीय पहल भारतीय रेलवे की यात्री सुरक्षा, जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

