जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के ईदगाह मोहल्ला में शुक्रवार देर रात गोवंश चोरी के संदेह को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और इलाके में जमकर हंगामा हुआ। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने हवाई फायरिंग की, जिससे उपद्रवी मौके से भाग निकले। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल, क्यूआरटी और टाइगर मोबाइल के जवानों को तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्ठा ग्वालाबस्ती से एक गोवंश की बाछी चोरी होने की बात सामने आई थी। पशु मालिक और स्थानीय लोगों को संदेह था कि चोरी की गई बाछी को जुगसलाई के ईदगाह मैदान के पास ले जाया गया है। इसी सूचना के आधार पर कुछ लोग उसकी तलाश में जुगसलाई पहुंचे। बताया जाता है कि ईदगाह मैदान के पास सगुआ होटल में बाछी के होने की सूचना मिलने के बाद वहां पूछताछ शुरू हुई।
इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। विवाद की जानकारी मिलने पर रामदास भट्ठा और ग्वालाबस्ती क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में युवक ईदगाह मैदान की ओर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 70 से 80 युवक लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे थे। इसके बाद मारपीट, गाली-गलौज और हंगामा शुरू हो गया। राहगीरों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की सूचना है। कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, भीड़ के उग्र होने के कारण पुलिस को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान पुलिस टीम पर पथराव किए जाने की बात सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले लाठीचार्ज कर भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया।
हालात लगातार बिगड़ते देख क्यूआरटी की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार के अलावा बिष्टुपुर, बागबेड़ा और आसपास के थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस सूत्रों के अनुसार करीब चार राउंड हवाई फायरिंग की गई, हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने दो से तीन राउंड फायरिंग की बात कही है। गोली चलने की आवाज के बाद भीड़ में भगदड़ मच गई और लोग मौके से भागने लगे।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। देर रात से ही संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि जुगसलाई में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट के बाद भीड़ ने पुलिस पर हमला किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग की गई। उन्होंने कहा कि उपद्रव करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में पुलिस की लगातार निगरानी बनी हुई है।

