चाईबासा: टाउन क्लब मैदान में आयोजित प्रथम स्वर्गीय रीता सिन्हा स्मृति फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। 30 टीमों की भागीदारी वाले इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीवीएस 11 ने फाइनल में ब्लू थंडर को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को आकर्षक ट्रॉफी के साथ 61 हजार रुपये तथा उपविजेता ब्लू थंडर को ट्रॉफी और 41 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में टीवीएस 11 ने तुंगरी टाइगर्स को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से हराया। तुंगरी टाइगर्स की टीम निर्धारित छह ओवर में केवल 27 रन ही बना सकी, जिसे टीवीएस 11 ने आसानी से हासिल कर फाइनल का टिकट कटाया। दूसरे सेमीफाइनल में ब्लू थंडर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 91 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में टाइफून की टीम ब्लू थंडर की सटीक गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई और 60 रन से मुकाबला गंवा बैठी।
फाइनल मुकाबले में ब्लू थंडर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन टीवीएस 11 के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए पूरी टीम को 65 रन पर समेट दिया। ब्लू थंडर की ओर से कैलाश ने सर्वाधिक रन बनाए, जबकि राकेश ने भी उपयोगी पारी खेली।
66 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीवीएस 11 की शुरुआत दमदार रही। अंजन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए आकर्षक छक्कों की मदद से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। तिवारी ने भी उनका भरपूर साथ दिया। ब्लू थंडर के विशाल ने कुछ अहम विकेट लेकर मुकाबले को रोचक बनाने की कोशिश की, लेकिन टीवीएस 11 ने लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
टूर्नामेंट में लल्ला को फाइनल का मैन ऑफ द मैच, अभिषेक को मैन ऑफ द सीरीज, अमरेन्द्र सामंता को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, विशाल को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और मोनू को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार दिया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टूटी, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार राजू नयनम, राजीव कुमार विश्वकर्मा तथा गोपालन ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

