Breaking
Sun. Jul 5th, 2026

जमशेदपुर पूर्वी में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कमल सहयोग समिति के 51 सहायता शिविरों का हुआ शुभारंभ, विधायक पूर्णिमा साहू ने लिया जायजा, मतदाताओं से की मुलाकात

जमशेदपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाताओं को सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में विधायक पूर्णिमा साहू के निर्देश पर गठित कमल सहयोग समिति के 51 विशेष सहायता शिविरों का रविवार को शुभारंभ किया गया। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बस्ती एवं आवासीय इलाकों में संचालित इन शिविरों के माध्यम से मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने सहित एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है। रविवार को विधायक पूर्णिमा साहू ने बारीडीह, सीतारामडेरा एवं बिरसानगर क्षेत्र में संचालित कमल सहयोग समिति के शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मतदाताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को जाना। इस दौरान उन्होंने लोगों से एसआईआर प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की सहायता के लिए इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस क्रम में, उन्होंने विभिन्न बूथों के बीएलओ से भी मुलाकात की और एसआईआर प्रकिया पर जानकारी ली।

विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि 5 जुलाई से 12 जुलाई तक विधानसभा क्षेत्र के निर्धारित 51 स्थानों पर कमल सहयोग समिति के सहायता शिविर संचालित किए जा रहे हैं। प्रत्येक मंडल क्षेत्र में मतदान केंद्र के समीप सुविधाजनक स्थानों का चयन कर कैम्प लगाए गए हैं। हर शिविर में चार कार्यकर्ताओं की टीम तैनात की गई है, जो मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने एवं अन्य प्रक्रियाओं में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान इसी दिशा में बड़ी पहल है और कमल सहयोग समिति के ये शिविर आम नागरिकों को इस प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

पूर्णिमा साहू ने क्षेत्र की जनता से अपील किया कि वे अधिक से अधिक सहायता शिविरों का लाभ उठाकर एसआईआर संबंधी प्रक्रियाओं को समय पर पूर्ण करें एवं लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी, गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा, साकची पूर्वी मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह व अन्य कार्यकर्ता कैम्प में मौजूद रहे।

Related Post